गाजीपुर
बीआरओ जवान निरंजन यादव का सड़क हादसे में निधन
राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। भारत की प्रमुख निर्माण एजेंसी Border Roads Organisation (BRO) में तैनात जवान निरंजन यादव (36) की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह जम्मू में ग्रीफ (GREF) पद पर कार्यरत थे और रविवार को छुट्टी पर अपने घर आए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के ददरा ग्राम निवासी निरंजन यादव सोमवार को अपने ससुराल आजमगढ़ जा रहे थे। रास्ते में छात्वरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की सूचना उनकी पत्नी रेशम यादव को दी।
गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। बुधवार सुबह जब उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया। सूचना पर जखनिया के उप जिलाधिकारी अतुल कुमार, दुल्लहपुर थाना अध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अंतिम यात्रा के दौरान दुल्लहपुर पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

मृतक निरंजन यादव अपने पीछे पत्नी के साथ दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं पुत्र अंश (3 वर्ष) और पुत्री आंशिक (5 वर्ष)। पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया, वहीं परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
इस दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजेश सोनकर, श्रवण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज यादव, नागेंद्र यादव, मोनू तिवारी, जिला पंचायत प्रत्याशी संतोष बेचारा सहित क्षेत्र के हजारों लोग मौजूद रहे। अंतिम यात्रा में “भारत माता की जय” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। निरंजन यादव का अंतिम संस्कार गाजीपुर गंगा घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
