गोरखपुर
बाघागाड़ा में ट्रक से भिड़ी रोडवेज बस, चालक की मौत; 14 यात्री घायल
गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर देर रात हादसा, काशी डिपो की बस में सवार थे 37 यात्री
गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर बाघागाड़ा के पास गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से गोरखपुर आ रही काशी डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में बस चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 14 यात्री घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक बस में कुल 37 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गीडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया।
हादसे में बस चालक दयाशंकर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक चालक वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र के बसहुपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
घायलों में अरविंद कुमार गुप्ता, ज्ञानवती देवी, अन्नू, राकेश यादव, रागिनी मिश्रा, राकेश गुप्ता, सुमन मिश्रा, अमरजीत प्रसाद, हुमायूं हाशमी, मो. रफी, मो. इमरान, सुरेश गुप्ता, संदीप कुमार और सुंदरी शामिल हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक के संबंध में जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई थी।:::
