गाजीपुर
बहरियाबाद में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का भव्य स्वागत
कार्यकर्ताओं में भरा चुनावी जोश
पहले आगमन पर फूल-मालाओं से हुआ अभिनंदन, बोले- प्रदेश में बदलाव तय, सातों सीटों पर सपा की जीत होगी
गाजीपुर (बहरियाबाद)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के बहरियाबाद में प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। फूल-मालाओं से लादकर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और कई स्थानों पर अभिनंदन समारोह आयोजित किए। इस दौरान पूर्व एमएलसी रामवृक्ष यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
बहरियाबाद स्थित डॉ. निसार अहमद की बजाज एजेंसी पर आयोजित स्वागत समारोह में पूर्व ग्राम प्रधान निसार अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव अब्दुल वाजिद अंसारी, समाजवादी मजदूर सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. संजय कनौजिया, उदयभान (पूर्व सैनिक), रामबली पाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. निसार अहमद ने कहा कि श्यामलाल पाल के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी मजबूत हो रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। वहीं अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव अब्दुल वाजिद अंसारी ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी अभियान को तेज करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बहरियाबाद से स्वागत जुलूस रायपुर बाजार होते हुए बघांव गांव पहुंचा, जहां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। इसके बाद किसान पीजी कॉलेज, बघांव के समीप रामबली पाल के आवास पर भी उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान पूर्व एमएलसी रामवृक्ष यादव, सदर विधायक जयकिशन साहू, जंगीपुर विधायक वीरेंद्र यादव, पूर्व विधायक त्रिवेदी राम, राज्य कमेटी सदस्य पिंटू पाल तथा समाजवादी पार्टी गाजीपुर के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा, किसान, महिलाएं और बुजुर्ग सपा के साथ हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि गाजीपुर जिले की सातों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी।
