वायरल
बस्ती के अभिषेक सिंह नेट जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर बने जिले की शान
बस्ती। सीमित संसाधनों के बीच कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास से सफलता की मिसाल पेश करते हुए जिले के अभिषेक सिंह ने भूगोल विषय में यूजीसी नेट जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। अभिषेक ने दिसंबर 2025 में आयोजित परीक्षा में 222/300 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 79 हासिल की है।
मूल रूप से बस्ती जिले के परसरामपुर क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी अभिषेक सिंह की प्रारंभिक शिक्षा परसरामपुर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट तक हुई। शिक्षा के प्रति लगन ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और वर्ष 2017 में वे प्रयागराज शिफ्ट हो गए। अभिषेक ने साकेत पीजी कॉलेज, अयोध्या से वर्ष 2017 से 2020 के बीच स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2022 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से भूगोल विषय में परास्नातक में प्रवेश लिया। इसी दौरान उन्होंने यूजीसी नेट जेआरएफ की तैयारी शुरू कर दी थी।
अभिषेक की मेहनत का परिणाम रहा कि उन्होंने जून 2023 में पहली बार यूजीसी नेट क्वालीफाई किया और इसके बाद जून 2025 तक लगातार पांच बार नेट परीक्षा उत्तीर्ण की। अंततः दिसंबर 2025 में उन्होंने भूगोल विषय में जेआरएफ क्वालीफाई कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वर्तमान में अभिषेक सिंह इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरा बस्ती जनपद गौरवान्वित है। अभिषेक की उपलब्धि को लोगों ने ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। यह सफलता साबित करती है कि लगन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
