गाजीपुर
नंदगंज में अंतराल पर हो रही चोरियों से व्यापारी परेशान
कई घटनाओं में सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज क्षेत्र में कुछ अंतराल के बाद चोरी की घटनाएं सामने आने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। मुख्य बाजार और थाने के आसपास की दुकानों को भी चोर निशाना बना चुके हैं। कई घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की तस्वीरें सामने आने के बावजूद मामलों का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
थाने के आसपास भी हुई चोरी
थाने के सामने पवन किराना स्टोर में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और सीसीटीवी से छेड़छाड़ कर करीब 16 हजार रुपये नकद समेत सामान ले गए थे। इसके बाद थाने से करीब 100 मीटर दूर सतीश विश्वकर्मा की दुकान की कुंडी तोड़कर 13 चांदी के सिक्के और अन्य सामान चोरी किए गए।
40 हजार नकदी समेत सामान पार
शादियाबाद तिराहे पर राजेश साइकिल की दुकान में पीछे से प्रवेश कर चोर करीब 40 हजार रुपये नकद ले गए। हाल में चोचकपुर रोड स्थित जैश किराना स्टोर में भी चोरों ने छत के रास्ते पहुंचकर करीब 17 हजार रुपये नकद समेत लगभग 40 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। इस घटना में भी संदिग्ध सीसीटीवी में कैद हुए हैं।
पैदल गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले पुलिस बाजार में पैदल गश्त करती थी, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रहती थी। अब रात में प्रभावी गश्त बढ़ाने, संदिग्धों की पहचान करने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार घटनाओं से प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
