Connect with us

गाजीपुर

पीलीभीत के राशन कार्ड में गाजीपुर निवासी का नाम, जांच शुरू

Published

on

Loading...
Loading...

नौ सदस्यों वाले कार्ड में दर्ज मिला अमित सहाय का नाम, आधार और केवाईसी जुड़ने की होगी पड़ताल

बहरियाबाद (गाजीपुर)। राशन कार्ड व्यवस्था में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। बहरियाबाद क्षेत्र के आराजी कस्बा स्वाद निवासी अमित सहाय का नाम पीलीभीत के एक राशन कार्ड में दर्ज मिला है। मामला सामने आने के बाद खाद्य एवं रसद विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

अजनबी परिवार के राशन कार्ड में नाम

जानकारी के अनुसार पीलीभीत के बिलसंडा/बिलासपुर क्षेत्र की पुष्पा राठौर के एपीएल राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों के साथ अमित सहाय समेत अन्य लोगों के नाम दर्ज हैं। अमित सहाय का कहना है कि उनका पीलीभीत के इस परिवार से कोई संबंध नहीं है। राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन करने पर उन्हें अपने नाम के पहले से दर्ज होने की जानकारी मिली।

केवाईसी के दौरान सामने आया मामला

अमित सहाय ने जखनियां स्थित पूर्ति विभाग कार्यालय से जानकारी की। विभाग की ओर से बताया गया कि राशन कार्डों की केवाईसी प्रक्रिया चल रही है और केवाईसी नहीं होने पर गलत नाम हट सकता है। अमित सहाय से प्रार्थना पत्र लेकर उनका नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

आधार जुड़ने की होगी जांच

गाजीपुर के जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि आवेदन लेकर उसे संबंधित जिले को भेजा जाएगा। वहीं पीलीभीत के डीएसओ राजीव तिवारी ने कहा कि जांच की जा रही है कि गाजीपुर निवासी व्यक्ति का आधार पीलीभीत के राशन कार्ड से कैसे जुड़ा और केवाईसी किस तरह हुई। जांच के बाद यह भी स्पष्ट होगा कि इस कार्ड से कितना राशन लिया गया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page