गोरखपुर
गणेश पूजा को लेकर शाहपुर में कड़ा पहरा
एसपी सिटी-सीओ ने पंडालों का किया निरीक्षण, सड़क से हटवाया अतिक्रमण
गोरखपुर। गणेश पूजनोत्सव को देखते हुए गोरखपुर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। एसपी सिटी निमिष पाटिल और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ ने पुलिस बल के साथ शाहपुर क्षेत्र में पैदल गश्त कर प्रमुख मार्गों और गणेश पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था परखी
अधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आयोजकों और पुलिसकर्मियों को सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, भीड़ नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सड़क से हटवाया अतिक्रमण
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था भी देखी। सड़क पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाया गया। दुकानदारों को सड़क पर सामान नहीं फैलाने की हिदायत दी गई, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान शाहपुर थाना प्रभारी अंजय कुमार सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
