गोरखपुर
तीन मौतों के बाद एम्स ने खोला बीमारी का राज
जांच में सत्यानाशी के बीज के तेल से ‘ड्रॉप्सी’ की पुष्टि, परिवार के सदस्य स्वस्थ होकर डिस्चार्ज
गोरखपुर। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की रहस्यमय बीमारी से मौत के मामले में एम्स गोरखपुर की टीम ने बीमारी के संभावित कारण का पता लगाया है। जांच में सत्यानाशी (Argemone mexicana) के बीजों से तैयार तेल के इस्तेमाल से होने वाली ड्रॉप्सी बीमारी को कारण माना गया।
एम्स में हुई विस्तृत जांच
सांसद रमा शंकर राजभर की पहल पर परिवार के जीवित सदस्यों को एम्स गोरखपुर भेजा गया था। कार्यकारी निदेशिका डॉ. विभा दत्ता के निर्देश पर चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की। न्यूरोलॉजी विभाग के डॉ. आशुतोष तिवारी ने लक्षणों के आधार पर ड्रॉप्सी की आशंका जताई, जिसके बाद मेडिसिन विभाग की टीम ने जांच की।
कई महीनों से इस्तेमाल हो रहा था तेल
परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे दर्द और अन्य समस्याओं के लिए कई महीनों से सत्यानाशी के बीजों का तेल इस्तेमाल कर रहे थे। करीब सात-आठ किलो बीजों का तेल पेरवाया गया था। आशंका है कि घर की महिलाओं ने भूलवश इसे सरसों के तेल के स्थान पर इस्तेमाल किया।
उपचार के बाद स्वस्थ हुए सदस्य
परिवार के बेटे में लक्षण नहीं मिले, फिर भी उसे एहतियातन निगरानी में रखा गया। अन्य सदस्यों की हालत में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। चिकित्सकों ने बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान और शीघ्र उपचार को महत्वपूर्ण बताया।
