वाराणसी
प्रचंड जीत का जश्न: वाराणसी की सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता
वाराणसी। पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली प्रचंड जीत के उपलक्ष्य में वाराणसी स्थित प्रधानमंत्री जी के सांसद कार्यालय से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भव्य जुलूस निकाला। जुलूस कार्यालय परिसर से शुरू होकर गुरुधाम चौराहे तक पहुंचा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
जुलूस के दौरान कार्यकर्ता “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे नारों के साथ उत्साह और जोश से लबरेज नजर आए। हाथों में पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरे मार्ग में उत्सव जैसा वातावरण बन गया।इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पटाखे फोड़कर अपनी खुशी जाहिर की।
साथ ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी गई और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर जश्न को और खास बनाया गया।
जुलूस के दौरान मार्ग में मौजूद स्थानीय लोगों ने भी उत्सव में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह का संतुलन स्पष्ट रूप से देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इस जीत को प्रधानमंत्री के नेतृत्व, संगठन की रणनीति और जनता के विश्वास का परिणाम बताया। उनका कहना था कि यह विजय देश में विकास और सुशासन की नीतियों पर जनता की मुहर है।
