गाजीपुर
पीएम श्री विद्यालय मरदह के विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
शिक्षा और स्वास्थ्य का दिया संदेश
‘स्कूल चलो अभियान’ व संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत लोगों को किया जागरूक
गाजीपुर (मरदह)। पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय मरदह के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बुधवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ के तहत क्षेत्र में विशाल जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया। रैली का उद्देश्य हर बच्चे का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ बरसात के मौसम में फैलने वाले संचारी रोगों से बचाव का संदेश देना था।
रैली का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीता सिंह, जिला पंचायत सदस्य शशि प्रकाश सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी निलेन्द्र चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। विद्यालय परिसर से निकली रैली मरदह कस्बे के प्रमुख मार्गों, चौराहों और ग्रामीण बस्तियों से होकर गुजरी।
‘आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’ के गूंजे नारे
रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और स्लोगन लेकर चल रहे थे। बच्चों ने “उम्र हो चाहे छह से चौदह, शिक्षा है सबका अधिकार”, “घर-घर विद्या का दीप जलाएं, एक भी बच्चा छूटने न पाए” और “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” जैसे नारों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों ने ग्रामीणों को बताया कि पीएम श्री विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा के साथ सभी सरकारी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
संचारी रोगों से बचाव का भी दिया संदेश
रैली के दौरान बच्चों ने डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और दिमागी बुखार जैसे संचारी रोगों से बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने लोगों से घर और आसपास जलभराव न होने देने, साफ एवं उबला हुआ पानी पीने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
शिक्षा और स्वास्थ्य को बताया समाज की नींव
रैली के समापन पर विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य एक विकसित समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे तथा बरसात के मौसम में स्वच्छता अपनाकर संचारी रोगों से बचाव करें।
इस अवसर पर वेद प्रकाश पाण्डेय (मंडल अध्यक्ष), आनंद प्रकाश सिंह यादव, श्रीमती माया सिंह, श्रीमती सत्यवती देवी, राजेश भारती, कमलेश सिंह, दुर्गा प्रसाद सिंह, धनंजय सिंह, राजेश चतुर्वेदी, बृजेश यादव, रजनी सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। रैली को लेकर स्थानीय नागरिकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
