गाजीपुर
गहमर में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 9 गिरफ्तार
मौके से 5,420 नकद और ताश के आठ बंडल बरामद
गहमर, गाजीपुर। अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर थाना पुलिस ने जुआ खेलते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹4,220 नकद और ताश के आठ बंडल बरामद किए। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की जामा तलाशी में अलग से ₹1,200 मिले। इस प्रकार कुल ₹5,420 की नकदी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह चंदेल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और अपराध नियंत्रण के लिए भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के तेलिया टोला, पकड़ीतर पट्टी और परमा राय क्षेत्र में जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा सिंह, नीरज कुमार सिंह, प्रतीक कुमार, संतोष यादव, विकास सिंह, समारू, कृष्णा गुप्ता, संदीप कुमार और शिवम सिंह उर्फ सन्नी सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी गहमर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बरामद नकदी और ताश के बंडलों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इस मामले में थाना गहमर पर मु0अ0सं0 227/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह चंदेल सहित थाना गहमर की पुलिस टीम शामिल रही।
