गाजीपुर
NH-31 पर कार की टक्कर से चाट विक्रेता की मौत, पत्नी गंभीर
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। जयदेश। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर अष्ट शहीद इंटर कॉलेज के छोटे गेट के सामने मंगलवार की रात हुए सड़क हादसे में चाट विक्रेता अजय गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी चंदा गुप्ता गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।
अजय गुप्ता मेले में छोले-चाट बेचने के बाद अपनी पत्नी और ठेले के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल, गाजीपुर रेफर किया गया, जहां अजय गुप्ता की मौत हो गई। उनकी पत्नी चंदा गुप्ता की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अजय गुप्ता परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वह ठेले पर चाट बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में खुशी (19 वर्ष), आंचल (17 वर्ष), आर्यन (15 वर्ष), मांशी (12 वर्ष) और संतोष (9 वर्ष) हैं। पिता की असमय मौत और मां की गंभीर हालत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों से अपेक्षा है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क किनारे काम करने वाले छोटे दुकानदारों तथा राहगीरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
