गाजीपुर
विजयादशमी पर बहरियाबाद एवं रायपुर बाजार मे धूमधाम से मना दशहरा मेला’
बहरियाबाद, रायपुर सहित दर्जनों ग्रामीण अंचलों में विजयादशमी के पावन अवसर पर मेला का आयोजन किया गया। दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धा भाव से पूजा अर्चना करने के बाद भारी संख्या में देर रात्रि तक मेला में पहुंचने का सिलसिला कामय रहा। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। सुबह से ही बाजार में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजने लगी थीं। दोपहर करीब तीन बजे से बहरियाबाद सहित आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो रात नौ बजे रावण दहन के बाद भी लगातार जारी रहा। इस दौरान पूरे बाजार में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। मेले में महिलाओं, बच्चों सहित बुजुर्गों की भारी भीड़ उमड़ी। लोग पैदल, दोपहिया वाहनों से मेला देखने पहुंचे। भीड़ को देखते हुए वाहनों को मेला क्षेत्र से बाहर निर्धारित स्थानों पर खड़ा कराया गया, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। पुलिस की सतर्कता और बेहतर व्यवस्था की लोगों ने सराहना की। दशहरा मेले के साथ ही बाजार में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। दुर्गा पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मेले में चाट, गोलगप्पे (फुलकी) और पकौड़ी की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। वहीं, बच्चे अपने अभिभावकों के साथ खिलौनों की खरीदारी करते नजर आए। मेला घूमने के बाद लोगों ने मिठाइयों की भी जमकर खरीदारी की। मौसम अनुकूल रहने के कारण इस बार पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक भीड़ उमड़ी, जिससे मिठाई विक्रेताओं सहित अन्य दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। विजयादशमी के उल्लास के बीच देर रात तक बाजार में मेले की रौनक बनी रही।
