गाजीपुर
रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था बेपटरी
प्लेटफॉर्म नंबर-2 बना खुले में शौचालय
गंदगी और दुर्गंध से यात्री परेशान, रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
जमानिया (गाजीपुर)। जमानिया रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता व्यवस्था सवालों के घेरे में है। प्लेटफॉर्म नंबर-2, टेम्पो स्टैंड और स्टेशन परिसर में फैली गंदगी तथा खुले में शौच की समस्या से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का आरोप है कि सफाई के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बदतर बने हुए हैं।

यात्रियों मनोज, शशिकांत, सोनू और विक्की का कहना है कि स्टेशन के आसपास रहने वाले कुछ लोग प्रतिदिन प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पास खुले में शौच कर देते हैं। नियमित सफाई नहीं होने के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैली रहती है, जिससे यात्रियों को सांस लेने तक में दिक्कत होती है।

इस संबंध में सफाई सुपरवाइजर वसीम का कहना है कि स्टेशन परिसर की प्रतिदिन सफाई कराई जाती है, लेकिन आसपास के लोग दोबारा गंदगी फैला देते हैं। हालांकि यात्रियों का सवाल है कि यदि रोजाना सफाई हो रही है तो प्लेटफॉर्म नंबर-2, टेम्पो स्टैंड और स्टेशन परिसर में गंदगी का अंबार क्यों दिखाई देता है।

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, खुले में शौच पर रोक लगाने तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल कागजी दावों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर स्वच्छता दिखाई देनी चाहिए।
