वाराणसी
पिंडरा को विकास की बड़ी सौगात, ₹24.34 करोड़ से साधोगंज-भिटी मार्ग का होगा चौड़ीकरण
विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने 9.60 किमी सड़क निर्माण परियोजना का किया भूमिपूजन, किसानों-व्यापारियों को मिलेगा लाभ
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास कार्यों को मिलेगी गति, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
पिंडरा (वाराणसी)। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र को विकास की एक और बड़ी सौगात देते हुए विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने साधोगंज-भिटी मार्ग से दादूपुर, महिमापुर होते हुए चौरघटापुल-साईपुर चौराहे तक 9.600 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। लगभग ₹2434.78 लाख (24.34 करोड़ रुपये) की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नई गति देने के साथ ग्रामीण विकास को भी नई दिशा देगी।
भूमिपूजन के अवसर पर विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पिंडरा विधानसभा के समग्र विकास की आधारशिला है। सड़क चौड़ी होने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में पिंडरा विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़े अनेक विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप भविष्य में भी नई विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री जे.पी. दूबे, पूर्व प्रमुख सतेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, मीडिया प्रभारी अभिषेक राजपूत, जिला पंचायत सदस्य छोटेलाल पटेल, मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह, अरविंद मिश्रा, अजय पटेल, कन्हैया पटेल, दीपक सिंह, मुरारी सिंह, रोलू सिंह, सुरेंद्र प्रताप गौतम, अवर अभियंता मनोज कुमार, विकास विश्वकर्मा, विशाल चौरसिया सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया। लोगों का कहना था कि परियोजना पूरी होने के बाद साधोगंज-भिटी मार्ग क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़क के रूप में विकसित होगा, जिससे पिंडरा विधानसभा के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
