वाराणसी
नाबालिग लड़की को बहका-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग लड़की को बहका-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी सचिन निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और चोलापुर पुलिस की सतर्कता से संभव हो पाई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के साथ-साथ नाबालिग पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से कार्रवाई करते हुए मंगलवार को सुबह 10-30 बजे ग्राम चंदापुर हाइवे से आरोपी सचिन निषाद को गिरफ्तार किया। साथ ही, नाबालिग पीड़िता को भी बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी सचिन निषाद ने बताया कि वह पीड़िता से तीन महीनों से फोन पर संपर्क में था और उससे शादी करना चाहता था। उसने यह भी कबूल किया कि 23 दिसंबर को उसने पीड़िता को स्कूल से बहका-फुसलाकर भगाने और मुंबई जाकर शादी करने की योजना बनाई थी। हालांकि, रास्ते में पीड़िता के रोने के बाद उसने उसे घर वापस ले जाने का निर्णय लिया। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी सचिन निषाद (24 वर्ष) यूपी के जौनपुर के सदात बिंदुली नवाबाद का निवासी है। पुलिस ने मामले से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य जुटा लिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
