गाजीपुर
नंदगंज पीएचसी के मुख्य द्वार पर जलभराव
गंदे पानी से होकर अस्पताल पहुंचने को मजबूर मरीज
पानी निकासी बाधित होने से बढ़ी परेशानी, क्षेत्रवासियों ने जल्द समाधान की उठाई मांग
नंदगंज (गाजीपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नंदगंज के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलभराव की गंभीर समस्या से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के बाद मुख्य गेट के पास पानी जमा होने से लोगों को गंदे पानी से होकर अस्पताल में प्रवेश करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य द्वार के पास रास्ता धंस जाने और दोनों ओर मिट्टी ऊंची होने से वर्षा का पानी निकल नहीं पा रहा है। इसके चलते चौबीसों घंटे जलभराव बना रहता है। लगातार पानी जमा रहने से दुर्गंध फैलने लगी है और संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
सबसे अधिक दिक्कत पैदल आने वाले मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और अस्पताल कर्मचारियों को हो रही है। कीचड़ और गंदे पानी के कारण अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मुख्य द्वार के पास जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा ऊंची और कीचड़युक्त मिट्टी को समतल कर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए, ताकि मरीजों को बरसात के मौसम में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
