Connect with us

गाजीपुर

महाराजगंज–जमानिया–सैयदराजा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लेकर सांसद संगीता बलवंत ने गडकरी को लिखा पत्र

Published

on

Loading...
Loading...

41.6 किमी परियोजना के लिए शीघ्र बजट आवंटन और निर्माण शुरू कराने का किया अनुरोध

नई दिल्ली/गाजीपुर। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने गाजीपुर, चंदौली और पूर्वांचल के विकास से जुड़ी महाराजगंज (गाजीपुर)–जमानिया–सैयदराजा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर परियोजना के लिए जल्द बजट आवंटित करने और निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का अनुरोध किया है।

सांसद ने पत्र में बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-97) के अंतर्गत प्रस्तावित लगभग 41.6 किलोमीटर लंबी इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना को वर्ष 2019-20 में स्वीकृति मिली थी। यह मार्ग चंदौली के 39 तथा गाजीपुर के 21 गांवों से होकर गुजरेगा।

डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि परियोजना पूरी होने से गाजीपुर, चंदौली, गोरखपुर सहित बिहार के लाखों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे यात्रा का समय और दूरी कम होगी, वहीं व्यापार, निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने पत्र में कहा कि यह एक्सप्रेसवे पूर्वांचल की आधारभूत संरचना को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसलिए जनहित को देखते हुए इसके लिए शीघ्र बजट उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

Advertisement

सांसद ने बताया कि वह लगातार संसद और विभिन्न मंत्रालयों में गाजीपुर एवं पूर्वांचल के विकास से जुड़े मुद्दे उठाती रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद को इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page