Connect with us

भदोही

डीएम ने सरई मिश्रानी के विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

बच्चों से पूछा- बड़े होकर क्या बनना चाहते हो, स्मार्ट शिक्षण पर दिया जोर; रिसाव वाले कमरों की मरम्मत के निर्देश

भदोही, 20 अगस्त 2026। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने विकासखंड ज्ञानपुर के राजकीय हाई स्कूल सरई मिश्रानी और कंपोजिट विद्यालय सरई मिश्रानी का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, दिनचर्या तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

बच्चों का बढ़ाया उत्साह

राजकीय हाई स्कूल सरई मिश्रानी में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। बच्चों की प्रतिभा और रुचि को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों में अच्छी प्रतिभा है और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।

डीएम ने बच्चों से घर पर रहने के दौरान उनकी दिनचर्या के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए नियमित समय-सारिणी बनाकर उसका पालन करने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने विद्यालय में किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की जानकारी दी।

स्मार्ट शिक्षण तकनीक अपनाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को बेहतर एवं स्मार्ट शिक्षण तकनीकों के माध्यम से पढ़ाया जाए, जिससे उनकी समझ और सीखने की क्षमता का और अधिक विकास हो सके। साथ ही सभी कक्षा-कक्षों में टाइम-टेबल प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

Advertisement

पानी के रिसाव वाले कमरों की होगी मरम्मत

निरीक्षण के दौरान राजकीय हाई स्कूल के कुछ कक्षों में पानी के रिसाव की समस्या सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को मरम्मत कार्य का एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके।

इसके बाद डीएम ने कंपोजिट विद्यालय सरई मिश्रानी का भी निरीक्षण किया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए और शैक्षणिक कार्य सुचारू रूप से संचालित मिला। प्रधानाध्यापक ने बरसात के दौरान एक अतिरिक्त कक्ष में पानी के रिसाव की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जिला प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page