गोरखपुर
जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची लापता, पुलिस वर्दी में युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, बच्ची की तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें; आरोपी की पहचान का प्रयास जारी
गोरखपुर।गोरखपुर जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की वर्दी पहने एक बाइक सवार युवक बच्ची को घर छोड़ने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
बीमार बहन को खाना देने अस्पताल आई थी बच्ची
परिजनों के अनुसार, परिवार मूल रूप से आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में किराये के मकान में रह रहा है। बच्ची के पिता ई-रिक्शा चालक हैं। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को उनकी 13 वर्षीय बड़ी बेटी की तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे 10 वर्षीय बच्ची अपनी बहन के लिए खाना लेकर अस्पताल पहुंची थी।
घर लौटते समय हुई लापता
परिजनों के मुताबिक, बड़ी बहन को खाना खिलाने के बाद बच्ची रात करीब 10 बजे घर के लिए निकली, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने बुधवार दोपहर कोतवाली थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई।
बड़ी बहन ने बताई पूरी घटना
अस्पताल में भर्ती बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि खाना खाते समय पुलिस की वर्दी पहने एक युवक उनके पास आया और घर का पता पूछते हुए कहा कि यदि किसी को घर जाना हो तो वह बाइक से छोड़ देगा। बड़ी बहन ने अस्पताल में भर्ती होने के कारण जाने से मना कर दिया, जबकि छोटी बहन के घर जाने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद युवक बच्ची के आसपास मंडराता रहा और अस्पताल से बाहर निकलने पर उसके पीछे-पीछे चला गया।
सीसीटीवी फुटेज से जांच तेज
पुलिस के अनुसार, करीब 39 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में बच्ची अस्पताल से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रही है। कुछ देर बाद पुलिस जैसी वर्दी पहने एक बाइक सवार युवक उसके पास रुकता है, उससे बातचीत करता है और बच्ची उसकी बाइक पर बैठकर उसके साथ चली जाती है। पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
तलाश में जुटीं कई टीमें
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्ची की बरामदगी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं परिजनों ने बच्ची को सकुशल बरामद करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
