वाराणसी
जहीर बाबा की तत्परता से बची गर्भवती गाय की जान
वाराणसी में मानवता और करुणा की मिसाल पेश करते हुए राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के जिला अध्यक्ष जहीर बाबा ने एक घायल और गर्भवती गाय की जान बचाने के लिए तत्परता दिखाई। शनिवार को भाजपा लोहता मंडल के जनप्रतिनिधि अजय ने फुलवारियां गांव के पास रिंग रोड पर एक लावारिस गाय की जानकारी दी जिसके बाद जहीर बाबा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाय को जिला पशु चिकित्सालय भेजवाया। रविवार रात को गाय ने अस्पताल परिसर में एक स्वस्थ बछड़े को जन्म दिया।
इसके बाद जहीर बाबा ने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम से संपर्क किया और गाय व नवजात बछड़े को सुरक्षित कांजी हाउस भेजने की अपील की। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि अस्पताल के आसपास घूम रहे कुत्तों से इनकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है। जहीर बाबा ने कहा कि बेसहारा जानवरों की मदद करना हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि लावारिस और घायल जानवरों की देखभाल के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इस नेक काम में उनके टीम के सदस्य अमित और मल्लू ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
