Connect with us

वाराणसी

क्वीन्स कॉलेज में प्रदेश की पहली गैर-सरकारी सहयोग से बनी एआई-रोबोटिक्स लैब का शुभारंभ

Published

on

Loading...
Loading...

नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को मिलेगा अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण

आईआईआईटी बड़ोदरा और पीएचएन टेक्नोलॉजी के सहयोग से तैयार हुई स्मार्ट लैब

वाराणसी। पीएम श्री राजकीय क्वीन्स इंटर कॉलेज में शनिवार को अत्याधुनिक एआई-रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन किया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, बिना किसी शासकीय सहायता के गैर-सरकारी सहयोग से तैयार यह उत्तर प्रदेश के किसी राजकीय विद्यालय में स्थापित पहली एआई-रोबोटिक्स लैब है।

इस लैब का निर्माण क्वीन्स कॉलेज पुरातन छात्रसभा के निर्देशन में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) बड़ोदरा के निदेशक प्रो. धर्मेंद्र सिंह की पहल और पीएचएन टेक्नोलॉजी के सहयोग से कराया गया है।

विद्यार्थियों में बढ़ेगी वैज्ञानिक सोच और नवाचार की क्षमता

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी दक्षता और नवाचार की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में एआई और रोबोटिक्स जैसी तकनीकों की जानकारी छात्रों के भविष्य निर्माण में सहायक होगी।

Advertisement

उन्होंने बताया कि जल्द ही आईआईआईटी बड़ोदरा और क्वीन्स कॉलेज के बीच विशेष शैक्षणिक कार्यक्रमों को लेकर समझौता किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा।

आईआईटी स्तर की सुविधाओं से लैस होगी लैब

पीएचएन टेक्नोलॉजी के प्रदीप एच. नारायणकर ने कहा कि इस लैब को उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है।

पुरातन छात्रसभा के अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार मिश्र ने इसे क्वीन्स कॉलेज के इतिहास का गौरवपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि लैब के सुचारु संचालन के लिए प्रशिक्षक की व्यवस्था भी की जाएगी।

तकनीकी शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विश्वेश्वर सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप स्थापित यह एआई-रोबोटिक्स लैब विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम में शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य हरेंद्र राय, पुरातन छात्रसभा के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक, बड़ी संख्या में पूर्व छात्र और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पुरातन छात्रसभा के सचिव प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page