Connect with us

गाजीपुर

कांग्रेस की मासिक बैठक में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की रणनीति तैयार

Published

on

Loading...
Loading...

प्रयागराज कार्यक्रम में अधिकतम छात्र-युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर, संगठन विस्तार पर भी हुई चर्चा

गाजीपुर। जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त मासिक बैठक बुधवार को सकलेनाबाद स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक गतिविधियों की समीक्षा तथा प्रयागराज में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

कॉलेजों में जाकर छात्रों से संवाद करेगी कांग्रेस

बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया जाएगा और उन्हें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

युवा, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को घेरा

बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव फसाहत हुसैन बाबू ने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है और प्रयागराज का कार्यक्रम छात्रों की आवाज को बुलंद करने का मंच बनेगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा के निजीकरण और पेपर लीक जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है।

Advertisement

कार्यकर्ताओं से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान

पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पशुपतिनाथ राय तथा एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कार्यकर्ताओं से कॉलेजों में जाकर युवाओं को जागरूक करने और प्रयागराज कार्यक्रम में गाजीपुर से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में रहे कई पदाधिकारी मौजूद

बैठक में अजय कुमार श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, हामिद अली, कुसुम तिवारी, मंसूर जैदी, राजेश विश्वकर्मा, महबूब निशा, धर्मेंद्र कुमार, प्रकाश राय, उषा चतुर्वेदी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page