गोरखपुर
कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 52 लीटर अवैध शराब बरामद
350 किलो लहन और कई भट्ठियां नष्ट, आबकारी अधिनियम में एक अभियोग दर्ज
गोरखपुर। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने राजघाट थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने राप्ती नदी के किनारे स्थित अमरूद के बागों और झाड़ियों में दबिश देकर 52 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
जिला आबकारी अधिकारी गोरखपुर के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 कैंपियरगंज एवं अतिरिक्त प्रभार सेक्टर-2 एसएन वर्मा, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-1 अरविंद कुमार तथा अमरुतानी चौकी प्रभारी की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार करीब 350 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। टीम ने मौके पर ही लहन को नष्ट करने के साथ कई अवैध शराब की भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया। पुलिस और आबकारी विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से अवैध कच्ची शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
मामले में आबकारी अधिनियम के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
