गोरखपुर
एडमिशन के नाम पर ठगी करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। जनपद में धोखाधड़ी के मामलों पर नियंत्रण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त अमित दूबे को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित दूबे पुत्र सकलेश दूबे, निवासी व्हाइट हाउस नंबर 10, कैलाशपुरी, हनुमान नगर, आर्चिड अस्पताल के पास, कंकड़बाग, थाना पत्रकारनगर, जनपद पटना (बिहार) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना रामगढ़ताल में मुकदमा संख्या 590/25 धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2), 351(3), 352 भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने वादी के पुत्र को एमबीबीएस के बाद डीसीएच डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश दिलाने का झांसा दिया था। इस दौरान उसने फर्जी और कूटरचित एडमिशन लेटर जारी कर धोखाधड़ी करते हुए कुल 26 लाख 85 हजार रुपये वसूल लिए। मामले में वादी की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
