गोरखपुर
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। जिले में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण में बड़हलगंज थाना व एसओजी/स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से 14 चोरी के एटीएम कार्ड, 92,400 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहित साहनी पुत्र स्वर्गीय राजू साहनी निवासी खजांची चौराहा, सेमरा नंबर 2 थाना गुलरिहा, सुरजीत उर्फ छोटेलाल पुत्र रामबृक्ष बिन्द निवासी ग्राम बैदौली बाबू थाना बांसगांव तथा श्याम प्रकाश दूबे उर्फ पिन्टू पुत्र अश्वनी दूबे निवासी ग्राम बहादुरपुर थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। यह कार्रवाई थाना बड़हलगंज पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 145/2026 धारा 318(4), 319(2) भा.न्या.सं. से संबंधित मामले में की गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 303(2), 317(2) और 317(4) भा.न्या.सं. की बढ़ोतरी भी की गई है और आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।
घटना का विवरण बताते हुए पुलिस ने बताया कि 29 मार्च 2026 को वादी एटीएम से पैसा निकाल रहा था, उसी दौरान अभियुक्तों ने चोरी-छिपे उसका पासवर्ड देख लिया और धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद उसके खाते से 27,500 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना बड़हलगंज में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि यह गिरोह पहले भी कई लोगों को इसी तरह झांसा देकर एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मोहित साहनी के खिलाफ विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोरखपुर के अलावा बलिया और कुशीनगर जनपद भी शामिल हैं। इसी प्रकार सुरजीत उर्फ छोटेलाल पर भी धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं, जबकि श्याम प्रकाश दूबे उर्फ पिन्टू के खिलाफ भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि तीनों अभियुक्तों का यह संगठित गिरोह एटीएम के बाहर लोगों को निशाना बनाकर उनका पासवर्ड देखता था और मौका पाकर कार्ड बदलकर खातों से पैसे निकाल लेता था। गिरफ्तारी के बाद बरामदगी के आधार पर मामले में धाराएं बढ़ाई गई हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।
