गोरखपुर
एक ही रात दो विद्यालयों में चोरी, मिड-डे मील का सामान और बर्तन ले उड़े चोर
कटसहरा के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी
हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटसहरा स्थित प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों विद्यालयों से मिड-डे मील का खाद्यान्न, बर्तन और अन्य सामान चोरी होने के बाद प्रधानाध्यापकों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राथमिक विद्यालय कटसहरा के प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोरों ने विद्यालय के कमरे के फाटक की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दो एल्यूमिनियम के फाटक, सात लीटर का प्रेशर कूकर, एक भगौना, 50 किलो चावल, 10 किलो गेहूं समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
वहीं, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कटसहरा की प्रधानाध्यापिका संध्या भारती ने बताया कि चोरों ने विद्यालय के जंगले की ग्रिल काटकर रसोईघर में प्रवेश किया और 50 किलो चावल, 25 किलो गेहूं, सात लीटर का प्रेशर कूकर, दो भगौने, दो बड़े पलटे, एक करछुल, एक स्टील की बाल्टी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
दोनों विद्यालयों में एक ही रात हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि दोनों विद्यालयों से चोरी की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
