गाजीपुर
एक कुंतल चीनी से ईशानेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर
नंदगंज (गाजीपुर)। ग्रामसभा बरहपुर स्थित प्राचीन ईशानेश्वर महादेव मंदिर, जिसे बूढ़े महादेव के नाम से भी जाना जाता है, में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और एक कुंतल यानी 100 किलोग्राम चीनी से रुद्राभिषेक कर अपनी आस्था प्रकट की।
रुद्राभिषेक का आयोजन उपेंद्र नाथ चौबे उर्फ छोटे पंडित, शिंटू कश्यप, जगदीश कुशवाहा और दीपक खरवार के सहयोग से कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान को विधिवत संपन्न कराने में गुरु महेश चौबे और कृष्णा मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन में शिवप्रसाद सिंह, केदारनाथ सिंह, गुड्डू सिंह, बुलबुल सिंह, अमित नारायण सिंह और उपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रुद्राभिषेक के दौरान बूढ़े महादेव मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल-बम’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान ईशानेश्वर महादेव की आराधना कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और समाज के कल्याण की कामना की।
