गाजीपुर
विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
छात्रों को तनाव, चिंता, नशे के दुष्प्रभाव और मानसिक विकारों के प्रति किया गया जागरूक
गाजीपुर। जनपद में मंगलवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्कूल मेंटल हेल्थ प्रोग्राम के तहत करंडा ब्लॉक स्थित इंटर कॉलेज गोसंदेपुर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम और जिला तंबाकू नियंत्रण टीम के सहयोग से किया गया, जिसमें शिक्षकों और छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
मानसिक विकारों के लक्षणों पर दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य और विभिन्न मानसिक विकारों के संबंध में जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने उदासी, घबराहट, चिंता, पढ़ाई में मन न लगना और स्वयं को नुकसान पहुंचाने जैसे विचारों सहित मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न लक्षणों के प्रति सजग रहने की जानकारी दी। साथ ही मानसिक परेशानी होने पर समय पर परिवार, शिक्षकों और विशेषज्ञों से मदद लेने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
तनाव प्रबंधन और लाइफ स्किल पर चर्चा
छात्रों को तनाव से निपटने के तरीकों, कॉपिंग स्किल और जीवन कौशल के बारे में जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या, सकारात्मक सोच, संवाद और आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग का सहारा लेना महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में शिक्षकों को भी बच्चों में मानसिक परेशानियों के शुरुआती संकेतों को पहचानने के संबंध में जानकारी दी गई।
नशीले पदार्थों के नुकसान से कराया अवगत
जिला तंबाकू नियंत्रण टीम ने छात्रों को नशीली दवाओं और तंबाकू के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। नशे की लत से जूझ रहे बच्चों और युवाओं को परामर्श के लिए जिला अस्पताल में उपलब्ध काउंसलिंग सुविधाओं का सहारा लेने की जानकारी दी गई। इस दौरान निकोटिन नियंत्रण कार्यक्रम और कोटपा एक्ट-2003 के प्रावधानों के बारे में भी बताया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान तंबाकू नियंत्रण हेल्पलाइन नंबर 1800-112-356 की जानकारी साझा की गई। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित सहायता के लिए टेली मानस टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416, जो 24 घंटे उपलब्ध है, के बारे में भी छात्रों और शिक्षकों को बताया गया।
सोमवार को ट्रामा सेंटर में मिलती है जांच और काउंसलिंग
कार्यक्रम में मानसिक मंदता सहित अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जनपद में मानसिक विकारों की जांच और काउंसलिंग की सुविधा ट्रामा सेंटर, गोरा बाजार में प्रत्येक सोमवार को उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जरूरत पड़ने पर सही समय पर विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा।
