गोरखपुर
उरुवा बाजार में धक्का देने के बाद बुजुर्ग की मौत, गैर-इरादतन हत्या में महिला गिरफ्तार
हुसैनपुर गांव की घटना में एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में, अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी
गोरखपुर। थाना उरुवा बाजार क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में एक बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
डंडा हटाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार घटना 18 अगस्त की है। बताया गया कि एक बुजुर्ग व्यक्ति ने जानवर को रोकने के लिए बांस का डंडा लगाया था। आरोप है कि उनकी बहू राजमती ने डंडा हटा दिया। इसी बात को लेकर बुजुर्ग अपनी बहू को डांट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बहू ने उन्हें धक्का दे दिया, जिसके कुछ देर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई।
बुजुर्ग और बीमार थे मृतक
पुलिस के मुताबिक मृतक काफी बुजुर्ग और बीमार थे। घटना के संबंध में थाना उरुवा बाजार में मु0अ0सं0 0213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 में मुकदमा दर्ज किया गया।
महिला गिरफ्तार, बाल अपचारी अभिरक्षा में
बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजमती पत्नी श्रीराम, निवासी हुसैनपुर, थाना उरुवा बाजार, गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है, जिसे किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राम सुदर्शन, आरक्षी शिवसेन यादव, आरक्षी रुपेश पाण्डेय तथा महिला आरक्षी आसमा कुमारी शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
