गोरखपुर
सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर वार्ड में 100 फीसदी कूड़ा उठान का आदेश
नगर आयुक्त अजय जैन ने जोन-1 के 17 वार्डों की समीक्षा की, यूजर चार्ज में हर माह 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का लक्ष्य
गोरखपुर। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत नगर निगम गोरखपुर ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जोन संख्या-1 के 17 वार्डों की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, यूजर चार्ज वसूली तथा सफाई कर्मचारियों की कार्यशैली की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में 17 वार्डों के सुपरवाइजरों, मेठों तथा 58 डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों के चालकों के कार्यों की भी पड़ताल की गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर के सभी वार्डों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए।
प्रमुख बाजारों में होगी अतिरिक्त सफाई
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि शाम के समय जिन प्रमुख बाजारों में भीड़ और कचरे का दबाव बढ़ता है, वहां अतिरिक्त सफाई एवं कूड़ा उठान की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारी या वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यूजर चार्ज में हर माह 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का लक्ष्य
नगर आयुक्त ने यूजर चार्ज की वसूली को नगर निगम की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने हर महीने 10 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया। मकानों के मोबाइल नंबर अपडेट करने तथा प्रत्येक वार्ड के नागरिकों के व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश भी दिए गए।
इन ग्रुपों के माध्यम से नागरिकों को यूजर चार्ज, कूड़ा संग्रहण वाहनों के रूट, निर्धारित समय और स्वच्छता व्यवस्था से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण कर उनकी टैगिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्धारित यूजर चार्ज की प्रभावी वसूली की जा सके।
गलियों और सार्वजनिक स्थलों के लिए तय हुई नई समय-सारणी
सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यशैली में सुधार के लिए नई समय-सारणी लागू की गई है। इसके तहत सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक बीट कर्मचारी ठेले और झाड़ू के साथ गलियों की सफाई करेंगे। प्रत्येक 500 मीटर के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और इसकी निगरानी मुख्य सफाई निरीक्षक करेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सार्वजनिक स्थलों और खाली प्लॉटों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
कूड़ा वाहनों को रोज लगानी होंगी दो ट्रिप
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में भी सख्ती की गई है। नगर आयुक्त ने वाहनों को पार्किंग से निर्धारित समय पर निकालने, पूरे रूट पर जाने और बीट पर पर्याप्त समय देने के निर्देश दिए। प्रत्येक वाहन को प्रतिदिन दो ट्रिप लगाना अनिवार्य किया गया है।
वाहन चालक यदि समय से वाहन नहीं निकालते, निर्धारित रूट पर नहीं जाते या बीट पर कम समय देते हैं तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
गीले और सूखे कचरे को अलग करने पर जोर
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने स्रोत पर ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने यानी सोर्स सेग्रीगेशन पर विशेष जोर दिया है। नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी संबंधित टीमों को दी गई है।
नगर निगम का उद्देश्य कचरे के संग्रहण से लेकर उसके निस्तारण तक पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित, प्रभावी और जवाबदेह बनाना है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जोनल सैनिट्री अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी अनुष्का सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश बिरौनिया समेत पीएमयू टीम तथा आईईसी की संवेदना और सृष्टि टीम के सदस्य मौजूद रहे।
