खेल
MI vs SRH : वानखेड़े में रनों की बारिश, 243 बनाकर भी हारी मुंबई इंडियंस
रिकेल्टन का शतक गया बेकार, हेड-क्लासेन की आंधी में उड़ी मुंबई
नई दिल्ली। आईपीएल के 41वें मुकाबले में Mumbai Indians को Sunrisers Hyderabad के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 243 रन बनाए, लेकिन हैदराबाद ने 18.4 ओवर में 4 विकेट पर 249 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

मुंबई इंडियंस की ओर से रयान रिकेल्टन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में नाबाद 123 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। विल जैक्स ने 22 गेंदों पर 46 रन, हार्दिक पंड्या ने 15 गेंदों में 31 रन और नमन धीर ने 17 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। तिलक वर्मा 7 और सूर्यकुमार यादव 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रॉबिन मिंज 1 रन पर नाबाद रहे। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे ने 2 विकेट झटके, जबकि ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और नितीश कुमार रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने आक्रामक शुरुआत की। ट्रैविस हेड ने 30 गेंदों में 76 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली। हेनरिक क्लासेन ने 30 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। सलिल अरोड़ा ने 10 गेंदों पर 30 रन और नितीश कुमार रेड्डी ने 17 गेंदों पर 21 रन का योगदान दिया, जबकि इशान किशन खाता नहीं खोल सके।

मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों में अल्लाह गजनफर ने 2 विकेट लिए, जबकि ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पंड्या को 1-1 विकेट मिला। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 54 रन खर्च किए। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा की वापसी नहीं हो सकी। कप्तान हार्दिक पंड्या के अनुसार, रोहित को पूरी तरह फिट होने में अभी कुछ और मैच लग सकते हैं। वहीं, टीम में क्विंटन डिकॉक की जगह रयान रिकेल्टन को शामिल किया गया। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बदलाव करते हुए हर्ष दुबे को शिवांग कुमार की जगह मौका दिया।

इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने 240 से अधिक रन के लक्ष्य का सफल पीछा करने का रिकॉर्ड चौथी बार हासिल किया, जो इस सीजन में बड़े स्कोर का पीछा करने के बढ़ते चलन को दर्शाता है। आईपीएल (Indian Premier League) 2026 में हाई स्कोर का पीछा करना अब आम होता जा रहा है। 200+ के लक्ष्य, जो कभी चुनौतीपूर्ण माने जाते थे, इस सीजन में बल्लेबाजों के लिए अपेक्षाकृत आसान साबित हो रहे हैं। इसके साथ ही इस साल के मुकाबलों में बड़े स्कोर और सफल रन चेज़ ने पिछले सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है।
