मिर्ज़ापुर
“उत्तर प्रदेश देश का हृदय है” : अनुप्रिया पटेल

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया दीप प्रज्ज्वलन
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के 76वें स्थापना दिवस पर मीरजापुर के जीआईसी ग्राउंड महुवरिया में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं रसायन उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, विधायक रत्नाकर मिश्र, रमाशंकर सिंह पटेल, सुचिस्मिता मौर्या, रिंकी कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।
विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरण
कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तहत गोदभराई और अन्नप्राशन के आयोजन के साथ-साथ लाभार्थियों को प्री-स्कूल किट दी गई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने उद्योग, कृषि, उद्यान, खादी, दिव्यांग कल्याण, मत्स्य और अन्य विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक और किट वितरित किए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को चाभियां सौंपी गईं।

स्थानीय विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि सूचना विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांधा। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एलईडी वैन के माध्यम से किया गया।
केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश देश का हृदय है और अपनी प्राचीन धरोहरों व समृद्ध संस्कृति के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यह प्रदेश देश को सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री देने के साथ 80 सांसदों का योगदान देता है।” उन्होंने राज्य के विकास में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के योगदान की भी सराहना की।
राज्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी योजनाओं को लागू किया गया है। उन्होंने प्रदेश में महिला स्वावलंबन और डिजिटल भारत अभियान के तहत हो रहे कार्यों की प्रशंसा की।
मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार का उल्लेख किया, जबकि मझवा विधायक सुचिस्मिता मौर्या ने प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण पर जोर दिया। छानबे विधायक रिंकी कोल ने बालिकाओं की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए राज्य के विकास पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा 21 स्टॉल लगाए गए, जहां सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव मनाया गया और केक काटा गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, इंजीनियर राम लौटन बिंद, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय, संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश का गौरवशाली इतिहास
1950 में संयुक्त प्रांत का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश किए जाने की स्मृति में हर वर्ष 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम में प्रदेश के साहित्य, कला, संस्कृति और औद्योगिक विकास पर जोर दिया गया।