वाराणसी
किसान इंटर कॉलेज में 23 जनवरी को संविधान गौरव जनसभा, राजनाथ सिंह करेंगे संबोधित
मिर्जामुराद (वाराणसी)। किसान इंटरमीडिएट कॉलेज, मिर्जामुराद के प्रांगण में 23 जनवरी को संविधान गौरव अभियान के तहत आयोजित विशाल जनसभा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह होंगे, जो जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा काशी प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल और जिलाध्यक्ष/एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज के मैदान में की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि संविधान गौरव अभियान के तहत यह कार्यक्रम जनता को संविधान की महत्ता और गौरव से अवगत कराने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिवराज मिश्रा, भाजपा जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम, संजय सोनकर, सुरेश सिंह, उपेंद्र सिंह अप्पू, देवेंद्र सेठ और अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गौरतलब है कि 23 जनवरी को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत भारतीय संविधान और उसकी उपलब्धियों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
