वाराणसी
वाराणसी: मंडुवाडीह चौराहे पर मंदिर हटाया गया, प्रशासन ने दिया पुनर्स्थापना का आश्वासन
वाराणसी के मंडुवाडीह चौराहे पर स्थित मंदिर को देर रात हटा दिया गया। यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा लहरतारा-बीएचयू फोरलेन के निर्माण कार्य के तहत की गई। मंदिर के कारण सड़क चौड़ीकरण में बाधा आ रही थी। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। चार थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
8 महीने से चल रही थी प्रक्रिया
इस मंदिर को हटाने की प्रक्रिया पिछले आठ महीने से चल रही थी। प्रशासन ने कई बार स्थानीय लोगों और मंदिर में पूजा-पाठ करने वालों से बैठक की। डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने बताया कि स्थानीय लोगों की सहमति से मंदिर को हटाया गया।

मूर्ति और शिवलिंग को स्थानांतरित किया जाएगा
मंदिर के अंदर मौजूद शिवलिंग और तीन छोटी-छोटी मूर्तियों को जल्द ही अन्य स्थान पर स्थापित करने का आश्वासन दिया गया है। डीसीपी मीना ने बताया कि मंदिर में पूजा करने वाले भक्तों की भावनाओं का ध्यान रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
रात में हुई कार्रवाई, कड़े सुरक्षा इंतजाम
मंदिर हटाने की कार्रवाई आधी रात को की गई। प्रशासन ने इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इससे पहले, चौराहे पर मौजूद अतिक्रमण को पहले ही ध्वस्त किया जा चुका है।
स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे और पुलिस की निगरानी में मंदिर को हटाया गया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मंदिर को पास के किसी स्थान पर पुनः स्थापित किया जाएगा।
