वाराणसी
जौनपुर से लापता विवाहिता मिर्जापुर से बरामद
वाराणसी। जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र के सहडी गांव में ननिहाल में रह रही विवाहिता के लापता होने के मामले में पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई करते हुए मिर्जापुर से महिला को बरामद कर लिया। इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, भदोही जनपद के ज्ञानपुर (फौदीपुर) की निवासी स्नेहा गिरी का विवाह जौनपुर जिले के महाराजगंज (सुवंशा) निवासी शुभम गिरी के साथ पांच वर्ष पूर्व हुआ था। शादी के बाद स्नेहा और शुभम के बीच अनबन होने लगी, जिसके चलते स्नेहा अपने मायके भदोही चली गई। कुछ समय बाद वह अपने चार वर्षीय बेटे के साथ चोलापुर के सहडी गांव स्थित ननिहाल में रहने लगी।
इस बीच, स्नेहा अचानक अपने बच्चे के साथ बिना किसी सूचना के घर से लापता हो गई। मायके और ननिहाल के परिजनों द्वारा कोई ठोस जानकारी न दिए जाने से नाराज पति शुभम गिरी ने अपनी पत्नी को गायब करने का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया।
हाईकोर्ट के आदेश पर चोलापुर पुलिस ने शनिवार को मिर्जापुर से विवाहिता को बरामद किया। पूछताछ में स्नेहा ने पुलिस को बताया कि वह पति से नाराज होकर अपने बच्चे के साथ मायका और ससुराल दोनों को छोड़कर मिर्जापुर में रह रही थी।
बरामदगी के दौरान चोलापुर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदुम राय, उपनिरीक्षक चंदन कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने विवाहिता को परिजनों के सुपुर्द कर दिया और मामला शांत कराया।
