मिर्ज़ापुर
डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत
मड़िहान (मिर्जापुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुबा खुर्द पहाड़ी स्थित हनुमान मंदिर के पास मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार पिता और पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात डंपर की जोरदार टक्कर से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी जिले के सारनाथ थाना अंतर्गत पतेरवा गांव निवासी जवाहर (40 वर्ष), पुत्र चेतन राम, अपनी 12 वर्षीय पुत्री जया कुमारी के साथ स्कूटी पर सवार होकर स्वामी अड़गड़ानंद आश्रम रोड की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी कुबा खुर्द पहाड़ी स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचित किया।

परिजनों में मचा कोहराम
मृतकों की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और पुलिस प्रशासन से डंपर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
