वाराणसी
लंका में दो और महिला शराब तस्कर गिरफ्तार
230 लीटर मदिरा बरामद
वाराणसी। लंका पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 230 लीटर अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
लंका थाना परिसर में वाराणसी कमिश्नरेट में तैनात आईपीएस अधिकारी नताशा गोयल ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रविवार रात अशोकपुरम कॉलोनी (डाफी) के पास से इन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दोनों महिलाएं बिहार के रोहतास से आकर यात्रियों को ऊंचे दामों पर शराब बेचती थीं।
पुलिस पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे बिहार से अवैध शराब लेकर वाराणसी आती थीं और मुनाफे की कमाई से अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं।
गौरतलब है कि, रविवार को भी लंका पुलिस ने अशोकपुरम कॉलोनी के पास से तीन महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में 275 लीटर अवैध शराब बरामद की गई थी।
इस कार्रवाई का नेतृत्व लंका थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने किया। उनके साथ चौकी प्रभारी रमना धर्मेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल आशीष चौबे, नीरज राय, राजेश सिंह, दिलीप सिंह, और महिला कांस्टेबल दीपिका शामिल रहीं।
