वाराणसी
काशी पहुंचे मुख्यमंत्री, शिव महापुराण कथा में होंगे शामिल
बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ का करेंगे दर्शन-पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को वाराणसी पहुंचे। वे यूपी कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे और बाबा विश्वनाथ व काशी कोतवाल काल भैरव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद वे रामनगर के पास डोमरी में गंगा किनारे आयोजित शिवमहापुराण कथा में सम्मिलित होंगे।सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
वे गोरखपुर से वाराणसी पहुंचे जहां उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरा। यहां से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से अपने कार्यक्रम स्थलों की ओर रवाना हुए। इस बार भी योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे।
डोमरी स्थित सतुआ बाबा आश्रम की गोशाला के पास गंगा किनारे चल रही शिवमहापुराण कथा में भी उनकी उपस्थिति रहेगी। सीएम का यह दौरा पहले 22 नवंबर को प्रस्तावित था लेकिन अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कथा स्थल सहित अन्य संभावित स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
