वायरल
मणिपुर में भेजी जायेगी सीआरपीएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियां
मणिपुर के कई इलाकों में अपसपा लागू
केंद्र सरकार ने मणिपुर में बढ़ती हिंसा और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सीआरपीएफ की 20 अतिरिक्त कंपनियां भेजने का फैसला किया है, जिनमें करीब दो हजार जवान शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों ने जानकारी दी कि गृह मंत्रालय ने मंगलवार रात इन जवानों को तत्काल हवाई मार्ग से मणिपुर भेजने का आदेश जारी किया। हाल ही में जिरीबाम में सुरक्षा बलों और संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें कई उग्रवादी मारे गए जबकि मेइती समुदाय के छह लोग, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं लापता बताए जा रहे हैं।12 नवंबर को गृह मंत्रालय ने एक आदेश जारी कर 30 नवंबर तक सीआरपीएफ और बीएसएफ की 20 कंपनियों को तैनात रखने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही राज्य में सीएपीएफ की कुल 218 कंपनियां तैनात होंगी जिसमें सीआरपीएफ, बीएसएफ, आरएएफ, एसएसबी और आईटीबीपी की कई यूनिट्स शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने मणिपुर सरकार से कहा है कि तैनात सुरक्षा बलों के साथ परामर्श कर उनकी विस्तृत योजना तैयार की जाए।
इससे पहले जिरीबाम जिले के जाकुराधोर इलाके में सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 11 संदिग्ध उग्रवादी मारे गए। ये उग्रवादी अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे और उन्होंने थाने तथा सीआरपीएफ शिविर पर भारी गोलीबारी की थी।
इस मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किए हैं।मणिपुर में पिछले साल मई से जातीय हिंसा का दौर जारी है जिसमें अब तक 200 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। जिरीबाम में हाल ही में हिंसा बढ़ने के कारण राज्य में फिर से तनाव का माहौल है जिसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने अतिरिक्त बल भेजने का निर्णय लिया है।
