पूर्वांचल
चंदौली में मनरेगा में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का पर्दाफाश : वीरेंद्र सिंह
गृहमंत्री के निर्देश पर होगी उच्च स्तरीय जाँच
चंदौली जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत हो रहे कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसे लेकर चंदौली जिले के समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने गृहमंत्री से हस्तक्षेप करने की अपील की थी।
शिकायत में बताया गया कि जनपद के सभी विकासखंडों और जिला पंचायत के अंतर्गत हो रहे मनरेगा कार्यों में अनियमितताएं और भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर फैल गया है।आरोप है कि जनता के टैक्स से प्राप्त धन का दुरुपयोग हो रहा है और इसमें कई उच्च स्तरीय अधिकारियों की संलिप्तता होने का अंदेशा है। बताया जा रहा है कि चंदौली में भ्रष्टाचारियों का एक नेक्सस (गिरोह) सक्रिय है, जो मनरेगा योजनाओं के पैसे का गलत तरीके से लाभ उठा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गृहमंत्री ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण विकास मंत्रालय को निर्देश दिया है कि इस मामले की गहन जाँच की जाए। इस जाँच के तहत जनपद के विभिन्न विकासखंडों में मनरेगा के तहत हुए कार्यों और खर्चों का हिसाब लिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि जाँच से संबंधित उच्च स्तरीय टीम जल्द ही चंदौली पहुँच सकती है, जो दस्तावेजों और वित्तीय रेकॉर्ड की बारीकी से जाँच करेगी।
यह जाँच उन लोगों के लिए चेतावनी के रूप में मानी जा रही है जो जनता के धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
