मनोरंजन
अर्जुन कपूर के ब्रेकअप की पुष्टि के बाद मलाइका का सोशल मीडिया पर क्रिप्टिक पोस्ट
मुश्किल घड़ी में अर्जुन बने थे मलाइका का सहारा
मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर के रिश्ते के अंत की खबरें आखिरकार सच साबित हुईं। दोनों ने 2018 में डेटिंग शुरू की थी, लेकिन छह साल बाद उनका अलगाव उनके फैंस के लिए एक बड़ा झटका लेकर आया। महीनों तक अफवाहों के बीच चुप्पी साधे रहने के बाद अर्जुन कपूर ने हाल ही में अपने और मलाइका के ब्रेकअप की पुष्टि कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अर्जुन कपूर ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे की दिवाली पार्टी में अपने ब्रेकअप का खुलासा किया। पार्टी में फिल्म ‘सिंघम अगेन’ की कास्ट के साथ मौजूद अर्जुन ने साफ तौर पर संकेत दिया कि वह अब एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा के साथ रिलेशनशिप में नहीं हैं और फिलहाल सिंगल हैं।

वहीं, अर्जुन के इस बयान के बाद मलाइका ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है, जिससे फैंस के बीच तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
मलाइका का क्रिप्टिक पोस्ट
अर्जुन कपूर के ब्रेकअप को कन्फर्म करने के बीच मलाइका अरोड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया है, जो उनकी पर्सनल लाइफ में चल रही उथल-पुथल की ओर इशारा कर रहा है। एक्ट्रेस के क्वोट में लिखा है, “एक सेकंड के लिए दिल को छूना किसी आत्मा को जीवन भर के लिए छू सकता है।”

अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा के ब्रेकअप की खबरें, सोशल मीडिया से सामने आए इशारे
बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर के ब्रेकअप की अटकलों को उस वक्त और हवा मिली, जब जून में मलाइका ने अर्जुन को उनके बर्थडे पर विश नहीं किया। इससे फैंस के बीच यह चर्चा और तेज हो गई कि दोनों के रिश्ते में कुछ ठीक नहीं है। वहीं, मलाइका के बर्थडे पर भी अर्जुन की तरफ से किसी तरह का बधाई संदेश या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं आया। इससे पहले दोनों हमेशा एक-दूसरे का बर्थडे ग्रैंड तरीके से या इंटरनेशनल ट्रिप्स पर सेलिब्रेट करते रहे हैं। इन इशारों ने फैंस को यकीन दिला दिया कि दोनों का रिश्ता अब पहले जैसा नहीं रहा।
मुश्किल घड़ी में अर्जुन बने थे मलाइका का सहारा
हाल ही में मलाइका अरोड़ा के पिता की बालकनी से गिरकर मौत हो गई थी, जिसे सुसाइड बताया गया था। इस मुश्किल घड़ी में अर्जुन कपूर अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड का सहारा बने और मलाइका के पास जाकर उन्हें ढांढस बंधाया। अर्जुन की इस भावनात्मक मदद के बाद फैंस को लगा कि शायद दोनों के बीच सबकुछ ठीक है, लेकिन अर्जुन ने दिवाली के मौके पर स्पष्ट कर दिया कि अब वह सिंगल हैं और मलाइका के साथ उनके रिश्ते का अंत हो चुका है।
