वाराणसी
पुलिस चौकी में दो पक्षों में चले लात-घूंसे
वाराणसी। मिर्जामुराद की खजुरी पुलिस चौकी में मंगलवार को खूब हाई वोल्टेज ड्रामा चला, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों हतप्रभ हो गए। बातचीत के दौरान एक युवक ने अचानक अपने विरोधी पर हमला कर दिया और चौकी के अंदर ही उस पर लात-घूंसे चलाने लगा। पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों पर कानूनी कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराज क्षेत्र के छोटी खजूरी गांव के अनिल कुमार यादव और कृष्ण कुमार यादव के बीच लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया। अनिल कुमार अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करवा रहे थे, जब कृष्ण कुमार वहां पहुंचे और निर्माण को रोकने का प्रयास किया। विवाद बढ़ने पर कृष्ण कुमार ने पुलिस को सूचित किया और दोनों पक्षों को खजुरी पुलिस चौकी लाया गया।
चौकी प्रभारी अनिकेत श्रीवास्तव की उपस्थिति में बातचीत हो रही थी लेकिन अचानक कृष्ण कुमार ने अपना आपा खो दिया और अनिल पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मी स्थिति को समझने से पहले ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों को अलग किया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।
चौकी प्रभारी अनिकेत श्रीवास्तव ने कहा, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने पुलिसकर्मियों के सामने ही हमला कर दिया। हमने तुरंत कदम उठाकर दोनों का चालान किया और स्थिति को शांत किया।
