अपराध
जौनपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, वांछित गैंगस्टर गिरफ्तार
जौनपुर (करंजाकला)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार बाजार से पुलिस ने सोमवार सुबह गो-तस्करी और गैंगस्टर मामले के वांछित अपराधी मोहम्मद लादेन को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम को एकाएक देखकर मोहम्मद लादेन ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करके उसे धर दबोचा।
तो वहीं इस मामले में अभियुक्त के परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता करते हुए मोबाइल छीनने और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर निकालकर ले जाने का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि मोहम्मद लादेन रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने आया था, लेकिन पुलिस जबरदस्ती उठा ले गई।
वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी पर चंदौली, वाराणसी और जौनपुर के अलग-अलग स्थान में नौ मुकदमे दर्ज हैं। काफी दिनों से वांछित था। मोहम्मद लादेन पर गैंगस्टर के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
