वाराणसी
सीएम योगी ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में टेका मत्था
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बतौर मुख्यमंत्री शनिवार को 125वीं बार श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका। इस साल 12वीं बार और इस सावन के महीने में दूसरी बार श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ और काशी कोतवाल का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर लोकमंगल की कामना की।

काशी पुराधिपति बाबा विश्वनाथ व काशी कोतवाल काल भैरव के दरबार में सवा सौ बार हाजिरी लगाने वाले योगी आदित्यनाथ इकलौते मुख्यमंत्री हैं। सावन के पहले सोमवार को भी सीएम योगी ने महादेव का दर्शन किया था।

गौरतलब है कि, सीएम योगी महीने में एक या कभी-कभी दो बार वाराणसी का दौरा जरूर करते हैं। उनका दौरा कभी एक तो कभी दो दिन का भी होता है। सीएम योगी अपने पहले और दूसरे कार्यकाल (2017 से लेकर अगस्त 2024) में करीब 125 बार बाबा विश्वनाथ के धाम में दर्शन कर चुके हैं। ऐसा करने वाले वे राज्य के पहले मुख्यमंत्री हैं। इसके अलावा सीएम योगी, आदियोगी के दर्शन के साथ ही संकट मोचन और दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर आदि में भी दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बाबा विश्वनाथ के दरबार में अधिकांशतः पूजा करने वाले वरिष्ठ अर्चक श्रीकांत मिश्र कहते हैं कि प्रदेश के प्रतिनिधि के तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निष्ठ भाव व अंतर्मन से बाबा से जुड़ने का भाव दिखता है। योगी जी हमेशा देश, प्रदेश और लोक कल्याण के भाव से बाबा की पूजा करते हैं।
