भदोही
जैविक खेती के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप, मुख्य अभियुक्त फिरोज खान गिरफ्तार
ज्ञानपुर पुलिस की कार्रवाई, ₹10 लाख निवेश के बदले लाखों के उत्पाद और वाहन देने का था दावा
ज्ञानपुर (भदोही)। जैविक खेती का जिला स्तरीय वितरण केंद्र खोलने के नाम पर कथित व्यावसायिक धोखाधड़ी के मामले में ज्ञानपुर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त फिरोज खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पर शीतलवाटिका ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर निवेश कराने और वादे के अनुरूप सामान उपलब्ध नहीं कराने का आरोप है।
₹10 लाख निवेश का दिया था आश्वासन
पुलिस के मुताबिक, सिंहपुर निवासी शिकायतकर्ता सुभाषचंद्र पांडेय से आरोपितों ने न्यूनतम 10 लाख रुपये निवेश कराने का प्रस्ताव दिया था। इसके बदले करीब 12.20 लाख रुपये मूल्य के जैविक उत्पाद और 8.47 लाख रुपये मूल्य का वाहन देने का आश्वासन दिया गया था। वाहन की ईएमआई पांच वर्ष तक कंपनी द्वारा चुकाने की बात कही गई थी।
करीब 2.50 लाख का ही माल देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, निवेश के बाद करीब 2.50 लाख रुपये का ही सामान उपलब्ध कराया गया और इसके बाद आपूर्ति बंद कर दी गई। उचित जीएसटी बिल नहीं दिए जाने तथा कार्यालय बंद कर मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिए जाने का भी आरोप है।
ज्ञानपुर तिराहे से हुई गिरफ्तारी
मामले में थाना ज्ञानपुर में मुकदमा अपराध संख्या 331/25 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 316(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को ज्ञानपुर तिराहे से टैम्पो से उतरते समय फिरोज खान को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज खान पुत्र स्वर्गीय समीम खां, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता नई बाजार छोटी मस्जिद, थाना भगवान बाजार, जिला छपरा (सारण), बिहार बताया गया है। वर्तमान में वह पक्की सराय चंदवारा, थाना टाउन, मुजफ्फरपुर, बिहार में रह रहा था।
कई राज्यों में नेटवर्क होने का पुलिस का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शीतलवाटिका ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड के जरिए ग्राहकों को जैविक खेती और वितरण केंद्र का भरोसा दिलाकर निवेश कराने की बात सामने आई। पुलिस का दावा है कि गिरोह उत्तर प्रदेश के भदोही और चंदौली के अलावा बिहार व झारखंड में भी इसी तरह की धोखाधड़ी में संलिप्त रहा है और पश्चिम बंगाल में नेटवर्क विस्तार की योजना बना रहा था।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा के नेतृत्व में हुई। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश सिंह, हेड कांस्टेबल मुलायम यादव और महिला कांस्टेबल आयुषी सिंह शामिल रहीं।
