गोरखपुर
छत से गुजरे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आई छह वर्षीय बच्ची
मुरदेवा में ननिहाल आई थी मासूम, गंभीर रूप से झुलसी; निजी अस्पताल में हालत चिंताजनक
हरपुर बुदहट। थाना क्षेत्र के मुरदेवा गांव में ननिहाल आई छह वर्षीय बच्ची हाईटेंशन तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद बच्ची को इलाज के लिए गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
छत के ऊपर से गुजर रहा था तार
बताया गया कि ऋषिका पुत्री सुरेश, उम्र छह वर्ष, मुरदेवा स्थित अपनी ननिहाल आई थी। जिस मकान में वह रह रही थी, उसकी छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन विद्युत तार गुजर रहा है। परिजनों का आरोप है कि तार को हटाने के लिए पहले शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
छत पर जाते ही हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार 10 सितंबर की शाम करीब चार बजे बच्ची मकान की छत पर गई थी। इसी दौरान वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। बच्ची को तत्काल उपचार के लिए गोरखपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बिजली विभाग के खिलाफ दी तहरीर
घटना को लेकर बच्ची के मामा पवन ने हरपुर बुदहट थाने में तहरीर देकर बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने हाईटेंशन तार से भविष्य में होने वाले हादसों को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
