गाजीपुर
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
गाजीपुर, 15 सितंबर।‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरविभागीय बैठक हुई। प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने पर जोर
बैठक में अभियान के उद्देश्य और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। अभियान के तहत प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने पर जोर दिया गया।
13 प्रमुख कार्यक्रम होंगे आयोजित
अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर-सेवाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ समेत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
17 सितंबर को शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्वलन होगा। ऑडिटोरियम में दिव्यांगजनों को उपकरण और उद्यम विभाग की ओर से लाभार्थियों को टूल किट वितरित की जाएंगी। प्रमुख परियोजनाओं व स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन कराया जाएगा।
सेवा गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति और मतदाता जागरूकता जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर के साथ बच्चों की प्रतियोगिताएं और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे।

शिविरों में मिलेगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड और विधानसभा स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इनमें सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन और यथासंभव मौके पर स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश
प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने लाभार्थियों की अद्यतन सूची तैयार करने के साथ पिछले वर्षों के विकास कार्यों और योजनाओं से हुए बदलावों की फोटो, वीडियो और सफलता की कहानियां संकलित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी भवनों, स्मारकों, गो आश्रय स्थलों की सफाई तथा अनाथालय और वृद्धाश्रम में सेवा गतिविधियां कराने पर भी जोर दिया।
युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों की होगी सहभागिता
विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर होने वाले कार्यक्रमों में युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस और माई भारत वॉलंटियर्स की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। एनसीसी की ओर से मानव श्रृंखला और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने की गतिविधियां भी होंगी।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
