गाजीपुर
बागवानी और सिंचाई योजनाओं के लक्ष्य समय से पूरा करें
गाजीपुर, 15 सितंबर।रायफल क्लब सभागार में सोमवार को एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर जिलास्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने की।
बागवानी में मिले विभिन्न लक्ष्य
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत नवीन उद्यान रोपण, शाकभाजी, पुष्प और मसाला क्षेत्र विस्तार के साथ मधुमक्खी पालन, घेराबंदी, इको लाइट ट्रैप और मचान के लक्ष्य मिले हैं। मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना में भी फल, सब्जी, प्याज, पुष्प, मचान, मधुमक्खी पालन और अन्य गतिविधियों के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
चार विकासखंडों में विशेष योजना
मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना का लाभ अधिकतम चार विकासखंडों—मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, रेवतीपुर और सदर में दिया जाएगा। अन्य विकासखंडों में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना संचालित होगी। योजनाओं में लाभार्थियों की पुनरावृत्ति नहीं की जाएगी और पात्र किसानों को प्राथमिकता के आधार पर पीडीएमसी योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा।
सिंचाई योजना में भी बड़े लक्ष्य
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत ड्रिप, मिनी स्प्रिंकलर, माइक्रो स्प्रिंकलर, पोर्टेबल स्प्रिंकलर और रेनगन स्प्रिंकलर के लिए कुल निर्धारित भौतिक लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्रचार-प्रसार पर जोर
सीडीओ ने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारी और किसान रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी अंगद प्रसाद सिंह, कृषि वैज्ञानिक डॉ. ओमकार सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य महेश सिंह सहित अन्य अधिकारी और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
