गाजीपुर
पुलिस अभिरक्षा से फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
गाजीपुर, 15 सितंबर।कोतवाली पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सुधीर उर्फ ध्रुव पासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार में निरुद्ध अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था, जहां वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
ओवरब्रिज के नीचे से दबोचा
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार रात गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर अभियुक्त को पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार बाइक से आते समय रुकने का इशारा करने पर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक डिवाइडर के पत्थर से टकराने के बाद वह गिर गया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पैर में चोट, अस्पताल भेजा
गिरने से अभियुक्त के दाहिने पैर में चोट लग गई थी। खून निकलने पर पुलिस ने मानवीय आधार पर प्राथमिक उपचार के लिए उसे जिला चिकित्सालय भेजा। उसके कब्जे से एक KTM मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
कई मुकदमे दर्ज होने का दावा
पुलिस के अनुसार सुधीर उर्फ ध्रुव पासी के खिलाफ गाजीपुर और मऊ समेत अन्य जनपदों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम रही शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, निरीक्षक देवेंद्र कुमार मिश्रा और उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार यादव समेत कोतवाली पुलिस टीम शामिल रही।
